Alighar News: नुमाइश मैदान में दोबारा अतिक्रमण के आरोप, ठेकों और आय-व्यय की पारदर्शिता पर सवाल
personसंपादकीय टीम
calendar_today29 Oct 2026, 10:38 pm
location_onAlighar
बाहर से हटाए गए अतिक्रमण के बाद मैदान के अंदर दुकानों और वाहनों के जमावड़े की एक्स पर शिकायत
अलीगढ़। नगर निगम द्वारा नुमाइश मैदान के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद अब मैदान के अंदर भी दुकानों और वाहनों की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतों के अनुसार, मैदान में कुछ दुकानें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा टायर पंचर की दुकानें और परिवहन से जुड़े वाहन भी खड़े किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों की अनुमति और निर्धारित व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग की जा रही है।नुमाइश मैदान के संचालन और उससे जुड़े ठेकों को लेकर भी पारदर्शिता का मुद्दा सामने आया है। पक्की दुकानों के सौंदर्यीकरण, नुमाइश के आयोजन, रोडी-बदरपुर वाहनों से संबंधित ठेके और मंगल बाजार के ठेके से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग उठ रही है।सूचना मांगने पर नुमाइश प्रशासन द्वारा मैदान को स्ववित्तपोषित संस्था बताने के आधार पर जानकारी देने से पल्ला झाड़ने का आरोप भी लगाया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि मैदान का प्रशासनिक संचालन किस व्यवस्था के तहत होता है, ठेकों से प्राप्त धनराशि किस खाते में जमा होती है और उसका उपयोग किन मदों में किया जाता है।इन सवालों का जवाब संबंधित अभिलेखों और वित्तीय विवरणों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकता है। प्रशासन से अपेक्षा है कि मैदान में संचालित दुकानों और खड़े वाहनों की अनुमति की जांच कराई जाए तथा ठेकों, आय और व्यय से संबंधित जानकारी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। इससे मैदान की व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

