Agra News: संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न
personसंपादकीय टीम
calendar_today31 May 2026, 11:16 pm
location_onAgra
72 जिलों के 1011 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति, एआई, फेस रिकग्निशन, बायोमैट्रिक और 22 हजार सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी
आगरा। उत्तर प्रदेश में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को प्रदेश के 72 जिलों में स्थित 1011 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पूर्ण शुचिता के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। परीक्षा का आयोजन बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी को सौंपा गया था। कुल 4,44,958 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दोनों पालियों में परीक्षा में भाग लिया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने परीक्षा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश में पारदर्शी, नकलविहीन और तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली का एक मजबूत मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयोजित यह परीक्षा इसी पारदर्शी व्यवस्था की एक और सफल कड़ी है, जिसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई।
www.morningcity.in
मंत्री ने बताया कि परीक्षा में कुल 2,72,659 महिला, 1,72,297 पुरुष तथा 2 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रथम पाली में सामान्य ज्ञान एवं भाषा विषय की परीक्षा तथा द्वितीय पाली में अभिरुचि परीक्षण एवं विषय योग्यता की परीक्षा आयोजित की गई। कासगंज और पीलीभीत में सर्वाधिक 95 प्रतिशत तथा गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में न्यूनतम 84 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा की निगरानी के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया, जहां से पूरे प्रदेश के 1011 परीक्षा केन्द्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। इसके लिए लगभग 22 हजार सीसीटीवी कैमरे तथा 5651 बायोमैट्रिक मशीनें लगाई गईं। परीक्षा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन सिस्टम, फिंगरप्रिंट सत्यापन और रियल टाइम अटेंडेंस प्रणाली का उपयोग कर केवल वास्तविक अभ्यर्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। मंत्री जी ने बताया कि एआई आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों के स्ट्रांग रूम, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा परीक्षा कक्षों की सतत निगरानी की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनाधिकृत प्रवेश पर तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट प्राप्त हुआ, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इस वर्ष पहली बार विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को जीपीएस आधारित बॉडी बॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए गए, जिनके माध्यम से परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा एवं गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। साथ ही 29 एवं 30 मई को आयोजित बैठकों का भी सीधा प्रसारण किया गया। परीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी केन्द्रों को वीओआईपी आधारित संचार प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे कंट्रोल रूम और परीक्षा केन्द्रों के बीच त्वरित एवं सुरक्षित संवाद संभव हुआ। प्राप्त सभी तकनीकी और प्रशासनिक अलर्ट का रियल टाइम समाधान किया गया।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि योगी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परीक्षाओं को पारदर्शी, तकनीक आधारित और जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का सफल आयोजन इसी व्यवस्था का प्रमाण है। अंत में उन्होंने बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि सरकार भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शी परीक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ करती रहेगी।
