Agra News: फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए आत्महत्या का झूठा वीडियो बनाया, पुलिस ने पहुंचकर की काउंसलिंग

personसंपादकीय टीम
calendar_today5 Mar 2026, 10:33 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत में एक युवती ने आत्महत्या का झूठा वीडियो बनाकर पोस्ट कर दिया। मामला सामने आने पर आगरा पुलिस कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल ने तुरंत कार्रवाई की। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम युवती के घर पहुंची और उसकी कुशलता सुनिश्चित करते हुए काउंसलिंग की। पुलिस के अनुसार 5 मार्च को आगरा पुलिस कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल को मेटा प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचना मिली कि थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की एक युवती ने अपने सोशल मीडिया खाते पर कीटनाशक ‘ऑल आउट’ पीते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में आत्महत्या जैसा संदेश भी लिखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया सेल ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम तुरंत युवती के घर पहुंची और उससे पूछताछ की। जांच में सामने आया कि युवती ने यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से बनाया था। उसने वास्तव में कोई कीटनाशक नहीं पिया था, बल्कि आत्महत्या का झूठा वीडियो बनाकर पोस्ट कर दिया था। पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और उसे भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी। युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। वर्तमान में युवती पूरी तरह स्वस्थ है। युवती के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सजगता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता से समाज में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है। आगरा पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपने जीवन को खतरे में डालने या भ्रामक संदेश फैलाने जैसी हरकतें न करें। इस प्रकार की गतिविधियां कानूनन दंडनीय हैं।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi