Agra News: सैया में ऑटो चालक का शव खाई में मिला, परिवार में मचा कोहराम
personसंपादकीय टीम
calendar_today15 Feb 2026, 09:37 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। आगरा कमिश्नरेट के सैया ब्लॉक के सैया थाना क्षेत्र के कस्बा सैया में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सनसनीखेज मामला सामने आया। सैया-इरतनगर मार्ग के किनारे खड़ी ऑटो के पास खाई में भरे पानी में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतक विजयपाल सिंह, 35 वर्ष, पुत्र चरन सिंह, निवासी हनौता चौकी, मनिया क्षेत्र, राजस्थान धौलपुर का रहने वाला था। शनिवार शाम विजयपाल अपने टेम्पो के साथ सैया आया था। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो उठे और उसके संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की। रविवार सुबह करीब 11 बजे सड़क किनारे खाई में उसका शव मिलने की सूचना मिली। परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान विजयपाल सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। थाना पुलिस के साथ ही क्षेत्रीय विधि विज्ञान टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और तमाम साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेजे।
एसीपी सैयां सुकन्या शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच के तमाम प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा है या हत्या की घटना, लेकिन जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जाएगी। क्षेत्र में घटनास्थल की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज और राहगीरों से पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। शहर में इस घटना से चिंता और डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।

