Mainpuri News: कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ सीबीएसई की तरफ से प्रक्रिया 30 जून से 8 जुलाई तक चलेगी
personसंपादकीय टीम
calendar_today4 Jul 2026, 10:27 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की तरफ से कक्षा 12 की कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 30 जून से प्रारम्भ होकर 08 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगी। सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. राम मोहन ने उक्त आश्य की जानकारी देते हुए बताया कि रेगुलर विद्यार्थियों के आवेदन केवल उनके संबंधित विद्यालयों के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सभी संबद्ध विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र विद्यार्थियों की ऑनलाइन सूची निर्धारित समय-सीमा के भीतर सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया कि वे पात्र विद्यार्थियों को समय पर सूचित करते हुए आवेदन प्रक्रिया निर्धारित अवधि में पूर्ण कराएं, उन्होंने बताया कि प्राइवेट अभ्यर्थी अपना आवेदन सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन भर सकते हैं।
Morning City
विद्यार्थी एक ही विषय के लिए कर सकेंगे आवेदन
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षा में नियमित विद्यार्थी केवल एक विषय में ही कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार, मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी अपने प्रदर्शन में सुधार के उद्देश्य से केवल एक विषय में ही इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। उन्होंने आगे बताया कि प्राइवेट अभ्यर्थियों के लिए भी पात्रता निर्धारित की गई है।
www.morningcity.in
तृतीय व अंतिम अवसर के रूप में आवेदन करने के पात्र होंगे
उन्होने आगे बताया कि यदि किसी प्राइवेट अभ्यर्थी को दो विषयों में कम्पार्टमेंट प्राप्त हुई है, तो वह दोनों में से किसी एक विषय में आवेदन करने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होकर केवल एक विषय में अनुत्तीर्ण रहने वाले प्राइवेट अभ्यर्थी केवल एक विषय में इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में कम्पार्टमेंट घोषित अभ्यर्थी, जो प्रथम एवं द्वितीय अवसर के बाद भी उत्तीर्ण नहीं हो सके हैं।
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई
उन्होंने बताया कि आवेदन एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 08 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा शुल्क का भुगतान केवल डिजिटल माध्यमों यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड अथवा क्रेडिट कार्ड से किया जाएगा। चालान के माध्यम से शुल्क जमा करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी परिस्थिति में आवेदन अथवा परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
28 जुलाई को होगी परीक्षा
डॉ. राम मोहन ने बताया कि कक्षा 12 की कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट (सप्लीमेंट्री) परीक्षा 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को आयोजित की जाएगी। प्रवेश-पत्र जारी करने की सूचना बोर्ड द्वारा पृथक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। अंत में डॉ. राम मोहन ने जनपद के सभी सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें तथा आवेदन एवं परीक्षा शुल्क समय से जमा कराना सुनिश्चित करें।

