Agra News: दिनदहाड़े रेलवे कर्मचारी के घर लाखों की चोरी, जेवर-नकदी समेट ले गए चोर

personसंपादकीय टीम
calendar_today30 Jul 2026, 10:40 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। थाना सदर क्षेत्र की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवर, नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर के मंदिर में रखी गुल्लक और लड्डू गोपाल के आभूषण भी नहीं छोड़े। इतना ही नहीं, जाते-जाते फ्रिज में रखी रबड़ी भी खा गए। जानकारी के अनुसार नॉर्थ रेलवे कॉलोनी निवासी सोनम पांडे, जो रेलवे के पार्सल विभाग में कमर्शियल असिस्टेंट हैं, बुधवार सुबह ड्यूटी पर चली गई थीं। उनके बेटे ऋषि और बेटी छवि स्कूल गए थे, जबकि उनकी बहन रूपम भी सुबह करीब 10 बजे घर से बाहर चली गई थीं। दोपहर करीब दो बजे जब रूपम वापस लौटीं तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा हुआ मिला।

Morning City

घर के अंदर पहुंचने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और सामान खंगालने के बाद बदमाश करीब डेढ़ तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के आभूषण, एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। परिजनों के अनुसार चोरों ने घर के मंदिर में रखी गुल्लक भी तोड़ दी और उसमें रखी नकदी निकाल ली। इतना ही नहीं, भगवान लड्डू गोपाल के आभूषण भी अपने साथ ले गए। चोरी के बाद फ्रिज में रखी रबड़ी खाकर जाने की बात सामने आने से परिवार के साथ-साथ पुलिस भी हैरान है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi