Agra News: ट्रैफिक का संकट: बूथ खाली, व्यवस्था बेहाल, हर दिन हादसे का खतरा
personसंपादकीय टीम
calendar_today10 Apr 2026, 10:36 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल पालीवाल पार्क से संजय प्लेस जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां ट्रैफिक पुलिस बूथ तो बना हुआ है, लेकिन आज तक उस पर किसी भी पुलिसकर्मी की तैनाती नहीं की गई। नतीजा यह है कि कॉलेज टाइम पर सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है और वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रहता। इस मार्ग पर कई नामी कॉलेज और स्कूल स्थित हैं, जिसके चलते सुबह और दोपहर के समय छात्रों की भारी आवाजाही रहती है। छोटे-छोटे बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए मौके पर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहता।
www.morningcity.in
स्थिति इतनी खराब है कि तेज रफ्तार वाहन और रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन हर समय दुर्घटना का खतरा पैदा करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

यह सड़क थाना हरीपर्वत क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यहां आजम खां चौकी, संजय प्लेस चौकी, नेहरू नगर पुलिस चौकी और पालीवाल पार्क पुलिस चौकी का दायरा पड़ता है। इसके बावजूद ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई समुचित व्यवस्था नजर नहीं आती। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस बूथ केवल दिखावे के लिए बना हुआ है। अगर यहां नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, तो जाम और हादसों की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। लगातार बन रही इस खतरनाक स्थिति के बीच बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
