Mainpuri News: महाराजा तेज सिंह जूदेव की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर; कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ
personसंपादकीय टीम
calendar_today20 Oct 2026, 08:52 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। क्षत्रिय कल्याण परिषद के तत्वावधान में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा तेज सिंह जूदेव की विशाल शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान राम और महाराजा तेज सिंह के सुसज्जित रथों के साथ बैंड कलाकार देश भक्ति से ओतप्रोत गीतों पर आधारित धुनें बजाते हुए चल रहे थे। जगह जगह यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया।
www.morningcity.in
मंगलवार को महाराजा तेजसिंह के किले पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, राजा अरविंद कुमार सिंह, राजा अवागढ़ भूमेंद्र पाल सिंह, यशदीप सिंह का संयोजक सौरभ राठौर ने पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर स्वागत किया। राम जानकी मंदिर में पूजन और महाराजा तेज सिंह जूदेव के विशाल चित्र पर माल्यार्पण के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ। देवी रोड स्थित मदार गेट और ईशन नदी तिराहे स्थित महाराजा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण किए गए। शोभायात्रा में शामिल युवा महाराजा की जय जयकार करते हुए चल रहे थे। कई स्थानों पर यात्रा का जोशीला स्वागत किया गया।

केंद्र सरकार जातीय विद्वेष फैलाने का कार्य कर रही
शहर के अमन इंटरनेशनल स्कूल पहुंचकर यात्रा सभा में परिवर्तित हो गई। सभा में मुख्य अतिथि के रुप में राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने भाग लिया, उन्होने सभा को संबोधित करते हुए यूजीसी को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। यूजीसी से सवर्ण समाज के बच्चों को होने वाले नुकसान की व्याख्या करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जातिवाद को बढ़ावा देकर जातीय विद्वेष फैलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अब चुप नहीं बैठना होगा। हमारा इतिहास कुर्बानी देने और संघर्ष करने का है। हमें एक बार फिर यूजीसी को लेकर संघर्ष करने को आगे आना होगा। उन्होंने प्रश्न उठाया कि इस काले कानून के खिलाफ कोई सवर्ण नेता, मंत्री, सांसद, विधायक क्यों नहीं बोलता। ऐसे नेताओं को सबक सिखाने की जिम्मेदारी अब हम पर है। उन्होंने कहा कि हमें महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और महाराजा तेज सिंह जी से प्रेरणा लेकर समाज की बेहतरी के लिए आगे आना होगा।

क्षत्रियों ने हमेशा समाज की रक्षा का दायित्व निभाया
सभा की अध्यक्षता कर रहे क्षत्रिय कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू कुशवाह ने कहा कि क्षत्रियों ने हमेशा समाज की रक्षा का दायित्व निभाया है। महाराजा तेज सिंह जूदेव ने 22 वर्ष की कम उम्र में ही मैनपुरी राज्य को अंग्रेजों की दास्ता से मुक्ति दिलाई। युवा चाहे तो देश और समाज की दिशा बदल सकते हैं। राजपूती गीतों के गायक विक्रांत ठाकुर और राहुल ठाकुर के गीतों पर युवा जमकर झूमते हुए नजर आए।
दशहरा कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, शीलेन्द्र सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद भदौरिया, अरविंद सिंह तोमर, ब्लॉक प्रमुख मनेश चौहान, सुमन चौहान, मंजूषा चौहान, प्रदीप चौहान, सुरेश सिंह राठौर, गोल्डी चौहान आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन डा. अजय सिंह ने और अंत में संयोजक सौरभ राठौर ने आभार जताया। जोश के प्रख्यात कवि राम भदावर ने एक बाद एक कई कविताएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
