Mathura News: सपा सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल 40 हजार सम्मान राशि: अखिलेश यादव
personसंपादकीय टीम
calendar_today22 Mar 2026, 10:31 pm
location_onMathura
Morning City
मथुरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो महिलाओं को “नारी समृद्धि सम्मान योजना” के तहत प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही समाजवादी पेंशन योजना को भी पुनः शुरू किया जाएगा। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या और आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने गोरखपुर, वाराणसी, बदायूं और मथुरा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने लखनऊ में बनाए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर पर भी सवाल खड़े करते हुए इसे “बर्बाद कॉरिडोर” करार दिया और इसके डिजाइन में खामियां होने का आरोप लगाया।
www.morningcity.in
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सपा सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पहले भी सपा सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई सम्मान और यश भारती जैसी योजनाओं के जरिए प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया था, जिन्हें अब फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव के लिए जनता तैयार है और आने वाले चुनाव में सपा को समर्थन मिलेगा।
