Mainpuri News: तीन किलोमीटर दूर बंबा से 26 घंटे बाद तौफीक का शव वरामद नहर में डूब गया था तौफीक, 26 घंटे से तलाश में जुटी थी पुलिस
personसंपादकीय टीम
calendar_today16 Jul 2026, 10:42 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र के घिरोर रोड स्थित नहर पुल के पास नहाते समय डूबे नगर के मोहल्ला घनराजपुर, दिवरई गेट निवासी तौफीक (35) पुत्र अली दराज का शव लगभग 26 घंटे बाद गुरुवार को घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर सिरसा मोड़ के पास नहर से निकले बंबे में मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्ञात हो कि तौफीक बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे अपने मित्र आशीष निवासी मोहल्ला भीमनगर के साथ घिरोर रोड स्थित नहर पुल पर नहाने गया था। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में गहरे पानी में समा गया। साथ मौजूद आशीष ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय लोगों ने तलाश अभियान शुरू कराया। बुधवार देर शाम एटा से फ्लड विभाग की टीम स्टीमर के साथ मौके पर पहुंची और देर रात तक नहर में युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह भी फ्लड विभाग की टीम ने स्टीमर की सहायता से खोज अभियान जारी रखा। इसी दौरान गुरुवार दोपहर सिरसा मोड़ के पास नहर से निकले बंबे में एक शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार अखिल गोयल, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान मृतक के भाई यासीन ने तौफीक के रूप में की।
www.morningcity.in
शव वरामद होने के साथ खोज अभियान समाप्त
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए। लगभग 26 घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद शव बरामद होने से खोज अभियान समाप्त हो गया।
