Mathura News: यमुना स्टीमर हादसा: ठेकेदार और चालक गिरफ्तार, लापरवाही ने ली 11 श्रद्धालुओं की जान
personसंपादकीय टीम
calendar_today11 Apr 2026, 10:53 pm
location_onMathura
Morning City
मथुरा/वृन्दावन। यमुना नदी में हुए दर्दनाक स्टीमर हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए PWD ठेकेदार नारायण सिंह और स्टीमर चालक पप्पू उर्फ दाऊजी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में इस हादसे के पीछे गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्टीमर चालक बिना किसी सेफ्टी उपकरण के श्रद्धालुओं को यमुना विहार करा रहा था और निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को सवार कर लिया गया था। इसी बीच PWD ठेकेदार नारायण सिंह ने बिना प्रशासन को सूचना दिए पैंटून पुल खिंचवा दिया। स्थानीय लोगों द्वारा मना किए जाने के बावजूद पुल को खींचा गया और नाव-स्टीमर की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्टीमर पैंटून पुल से टकरा गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह पलट गया और उसमें सवार श्रद्धालु यमुना में गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव के लिए चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे के बाद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक यमुना से 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 श्रद्धालु अभी भी लापता हैं। SDRF, NDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीमें पिछले 24 घंटे से अधिक समय से सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर नदी परिवहन में सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी की पोल खोल दी है, जिस पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
www.morningcity.in
