Agra News: हनीट्रैप में फंसा नौसेना का लांस नायक, पाकिस्तान को भेजीं युद्धपोतों की जानकारी
personसंपादकीय टीम
calendar_today12 Mar 2026, 10:49 pm
location_onAgra
आगरा से यूपी एटीएस ने किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
आगरा। उत्तर प्रदेश एटीएस ने आगरा के कागारौल क्षेत्र से भारतीय नौसेना के एक लांस नायक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है। एटीएस के अनुसार वह हनीट्रैप में फंसकर देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान तक भेज रहा था। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक करीब तीन साल पहले आदर्श की इंस्टाग्राम पर “आशी” नाम की लड़की से दोस्ती हुई थी। बाद में पता चला कि यह आईडी आईएसआई के हैंडलर द्वारा बनाई गई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों ने मोबाइल नंबर भी साझा किए और व्हाट्सएप पर लगातार संपर्क में रहने लगे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भेज दी। इसके बदले उसके बैंक खाते में पैसे भी भेजे गए थे। बताया गया कि करीब डेढ़ साल पहले एटीएस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की थी, जिसमें आदर्श कुमार का नाम सामने आया था। इसके बाद से एजेंसी उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जब जांच में यह लगा कि वह हनीट्रैप के जाल में फंस चुका है, तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
www.morningcity.in
आदर्श कुमार ने वर्ष 2021 में भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर नौकरी ज्वाइन की थी। उसकी तैनाती केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में थी। हाल ही में उसकी शादी हुई थी। करीब 22 दिन पहले उसका विवाह मथुरा जिले के विशावर क्षेत्र की एक युवती से हुआ था। शादी के बाद वह घूमने गया था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। गिरफ्तारी के बाद उसके गांव चीतपुर में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोग इस खबर से हैरान हैं और उनका कहना है कि आदर्श ऐसा नहीं कर सकता। ग्रामीणों के अनुसार वह बेहद सीधा-सादा और मिलनसार युवक था और गांव में सभी से उसका अच्छा व्यवहार था। गांव के रहने वाले लोगों ने बताया कि आदर्श अपने परिवार में सबसे छोटा है। उसने अकोला के एसजी पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बड़ी बहनें हैं और परिवार संयुक्त रूप से रहता है।
Morning City
आदर्श के पिता बलवीर सिंह चाहर ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था। उनका कहना है कि बेटे को किसी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार साधारण किसान परिवार है और सामान्य जीवन जीता है। गांव के अन्य लोगों का कहना है कि आदर्श का रहन-सहन हमेशा साधारण रहा है। अगर उसे गलत तरीके से पैसे मिलते तो उसके जीवन में बदलाव जरूर दिखाई देता, लेकिन ऐसा कभी नहीं दिखा। फिलहाल एटीएस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने किस स्तर की गोपनीय जानकारी साझा की और इस मामले में और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
