Mainpuri News: अधिवक्ता के साथ मारपीट, लूट से वकीलों में आक्रोश किशनी तहसील के वकीलों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
personसंपादकीय टीम
calendar_today21 Sept 2026, 09:49 pm
location_onMainpuri
Morning City
किशनी/मैनपुरी। अधिवक्ता आदित्य दीक्षित व उनके साथियों के साथ मारपीट, कार में तोड़फोड़ और सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस की ढिलाई से नाराज अधिवक्ताओं ने सोमवार को किशनी तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम नवनीता राय को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त व उचित कार्रवाई की मांग की। वकीलों ने दो दिन के न्यायिक कार्य बहिष्कार की घोषणा करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी न हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
www.morningcity.in
घटना शनिवार शाम की है, जब अधिवक्ता आदित्य दीक्षित अपने दो साथियों के साथ बेवर में ताऊ की तेरहवीं में शामिल होने जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार पॉलिटेक्निक स्कूल के पास दो कारों में आए करीब 10 लोगों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली और चाबी निकाल ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और कार में तोड़फोड़ की। आरोप है कि एक हमलावर ने तमंचे के बल पर आदित्य की तीन तोले की सोने की चेन भी लूट ली। चरवाहों के बीच-बचाव से उनकी जान बची। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है, लेकिन पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि दी गई तहरीर के अनुरूप मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। वकीलों ने एफआईआर में हत्या के प्रयास और लूट की गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की है। वहीं, एसडीएम नवनीता राय ने बताया कि निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई के लिए पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

