Mainpuri News: सीबीएसई कक्षा 12 अनुपूरक परीक्षा में 49 ने छोड़ी परीक्षा पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण परीक्षा हुई संपन्न
personसंपादकीय टीम
calendar_today28 Jul 2026, 10:53 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित कक्षा 12 अनुपूरक परीक्षा मंगलवार को जनपद मैनपुरी के दोनों परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का संचालन सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. राम मोहन के निर्देशन में सीबीएसई के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए कराया गया। परीक्षा के दौरान गोपनीयता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं सीबीएसई द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गई थीं।
www.morningcity.in
Morning City
सिटी कोऑर्डिनेटर डा. राम मोहन ने बताया कि जनपद के सुदिती ग्लोबल एकेडमी व पैराडाइज पब्लिक स्कूल में कुल 886 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 837 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 49 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुदिती में कुल 318 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 305 उपस्थित एवं 13 अनुपस्थित रहे। पैराडाइज पब्लिक स्कूल, मंछना में कुल 568 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 532 उपस्थित एवं 36 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा दोनों परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सीबीएसई के प्रतिनिधि तथा दो ऑब्जर्वर्स भी दोनों केन्द्रों पर उपस्थित रहे और परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखते हुए सीबीएसई के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया। परीक्षा केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरे समय मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।
परीक्षाकर्मियों का आभार व्यक्त
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. राम मोहन ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सीबीएसई प्रतिनिधि, दोनों ऑब्जर्वर्स, केन्द्र अधीक्षकों, कक्ष निरीक्षकों एवं समस्त परीक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

