Hathras News: सीपीएस गर्ल्स पीजी कॉलेज में 364 मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
personसंपादकीय टीम
calendar_today31 May 2026, 10:49 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस।सिकंदराराऊ के जीटी रोड स्थित सीपीएस गर्ल्स पीजी कॉलेज में मेधावी छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 364 छात्राओं को प्रमाण पत्र और घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह, वैदिक ज्योतिष संस्थान अलीगढ़ के संस्थापक स्वामी पूर्णानंद पुरी तथा पूर्व विधायक एवं कॉलेज संरक्षक यशपाल सिंह चौहान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी ने की।मुख्य वक्ता स्वामी पूर्णानंद पुरी ने कहा कि शिक्षा समाज के उत्थान का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिक्षित समाज ही विकास के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। अभिभावकों को बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार भी देने चाहिए, क्योंकि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों और संस्कारों की आवश्यकता पहले से अधिक है।पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाएं और समाज को जागरूक तथा प्रगतिशील बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान ने कहा कि बेटियां दो परिवारों की जिम्मेदारी निभाती हैं, इसलिए उनका शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश की प्रत्येक बेटी शिक्षित होगी। समाज से अशिक्षा का अंधकार दूर करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कॉलेज के प्रबंधक कृष्ण कुमार राघव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपने जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम में भद्रपाल सिंह चौहान, अशोक जादौन, देवेंद्र राघव, मुकेश चौहान, चेतन शर्मा, जयपाल सिंह चौहान, बसंत कुमार चौहान, शीलेन्द्र पुंडीर, भूपेंद्र सिंह चौहान, गौरव सिसोदिया, अर्थ राघव, नरेंद्र सिंह जादौन, विजयभारत कुलश्रेष्ठ, देवदत्त वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

