Agra News: ढाबा संचालक से रंगदारी मांगने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, तमंचा व बाइक बरामद

personसंपादकीय टीम
calendar_today4 May 2026, 10:57 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में ढाबा संचालक से रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामला 17 अप्रैल 2026 का है, जब वादी ने थाना ट्रांस यमुना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका ढाबा 100 फुटा कालिंदी विहार क्षेत्र में स्थित है और उसी के गांव का हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव लंबे समय से उससे रंगदारी मांग रहा था। आरोप है कि आरोपी ढाबे पर आता था, खाना खाकर पैसे न देने पर गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता था। पीड़ित ने बताया कि 22 जनवरी 2026 को मोनू यादव ने उसे रास्ते में रोककर पैसे मांगने के विवाद में अवैध तमंचे से फायर कर दिया था और लाठी-डंडों से मारपीट की थी। राहगीरों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया था। इस घटना के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

www.morningcity.in

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जबकि पुलिस उपायुक्त नगर द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 3-4 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी एनएच-2 झरना नाले से शाहदरा की ओर आने वाले सर्विस रोड से नुनिहाई की तरफ जा सकता है। सूचना पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की और जंगल की ओर बाइक भगा दी, लेकिन जल्दबाजी में बाइक गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस की संयमित और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में मोनू यादव के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल अस्पताल भिजवाया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi