Agra News: औषधि विभाग का बड़ा छापा: 6 मेडिकल एजेंसियों पर कार्रवाई, 12 दवाएं संदिग्ध, 6 कार्टन जब्त
personसंपादकीय टीम
calendar_today26 Feb 2026, 10:33 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। शहर के फव्वारा क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह मेडिकल एजेंसियों पर छापेमारी की। करीब 10 घंटे चली जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई, जबकि 12 दवाएं संदिग्ध मिलीं। टीम ने इन दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और छह कार्टन दवाएं जब्त की हैं। सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में न्यू भगवती मेडिकल एजेंसी, राजधानी ड्रग हाउस और ओम ड्रग हाउस में भंडारण, बिक्री और खरीद से संबंधित बिलों और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। कंप्यूटर रिकॉर्ड और रजिस्टर के मिलान में स्टॉक और बिक्री में अंतर सामने आया। संदिग्ध दवाओं में एंटीबायोटिक, पेट, मधुमेह और नींद से जुड़ी दवाएं शामिल हैं। न्यू भगवती मेडिकल एजेंसी से आठ और राजधानी ड्रग हाउस से चार नमूने लिए गए हैं। यदि लैब जांच में दवाएं मानक पर खरी नहीं उतरतीं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Morning City
इससे पहले मुख्यालय की टीम माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स में छापा मारकर 55 प्रकार की दवाओं से भरे छह कार्टन जब्त कर चुकी है, जिनमें अधिकतर सैंपल दवाएं थीं। विभाग की सूची में शामिल 10 फर्मों में से छह की जांच पूरी हो चुकी है। दो गोदाम सील किए गए हैं, जबकि दो की जांच बाकी है। जिन गोदामों पर बोर्ड नहीं लगे हैं, उनके मालिकों को बुलाकर जांच की जाएगी। जांच के दौरान भगवती ड्रग सेंटर और तनु मेडिकल एजेंसी में भी रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलीं। तनु मेडिकल एजेंसी में सैंपल दवाएं पाई गईं। वहीं विश्वनाथ फार्मा के गल्ले में 7.40 लाख रुपये नकद मिले, जो दर्ज बिक्री से अधिक पाए गए। विभाग ने सभी संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
