Kasganj News: झकझोर देने वाली घटना: ट्रेन के लगेज कोच में मिली चार दिन की नवजात, रोने की आवाज ने खोला राज
personसंपादकीय टीम
calendar_today6 Mar 2026, 09:53 pm
location_onKasganj
Morning City
कासगंज। लखनऊ जंक्शन-कासगंज पैसेंजर ट्रेन के लगेज कोच में चार दिन की नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई। मासूम बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आरपीएफ कर्मियों ने जांच की तो कपड़ों में लिपटी बच्ची बिलखती मिली। यह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। बच्ची को तत्काल महिला यात्रियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 55345 लखनऊ जंक्शन-कासगंज पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-1 पर खड़ी थी। आरपीएफ उपनिरीक्षक के मुताबिक हेड कांस्टेबल हरवंश सिंह और रामफूल सिंह मीणा नियमित जांच कर रहे थे, तभी लगेज कोच से रोने की आवाज आई। अंदर जाकर देखा तो कपड़ों में लिपटी एक नवजात बच्ची रो रही थी। यह नजारा देखकर आरपीएफ कर्मी हैरान रह गए। तत्काल महिला यात्रियों की मदद से बच्ची को कोच से बाहर निकाला गया और प्लेटफार्म पर लाया गया। स्टेशन पर कई बार अनाउंसमेंट कराया गया, लेकिन बच्ची के परिजनों का कोई पता नहीं चला। जांच के दौरान बच्ची के कपड़ों पर “आकांक्षा नर्सिंग होम, बजरिया फर्रुखाबाद” लिखा मिला, जिससे अनुमान लगाया गया कि बच्ची मात्र चार दिन की है।
Morning City
मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी गई। शाम करीब साढ़े चार बजे सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को चाइल्ड लाइन टीम के हवाले कर दिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। यह घटना समाज के लिए झकझोर देने वाली है। मासूम बच्ची को ट्रेन में छोड़ने के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के परिजनों के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत संपर्क करें, ताकि मासूम को उसके परिवार से मिलाया जा सके।
