Agra News: ताले में कैद स्वच्छता: आवास विकास सेन्ट्रल पार्क में पिछले कुछ सालों से बंद शौचालय, गंदगी से बेहाल पॉश इलाका
personसंपादकीय टीम
calendar_today21 Feb 2026, 11:52 pm
location_onAgra
आगरा। शहर के पॉश इलाके में स्थित आवास विकास सेन्ट्रल पार्क इन दिनों बदहाल बुनियादी सुविधाओं की मार झेल रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से विकसित इस पार्क में स्वच्छता व्यवस्था पर ताला जड़ा हुआ है। जेंट्स और लेडीज़ दोनों सार्वजनिक शौचालय पिछले कुछ वर्षों से बंद पड़े हैं, जबकि हर सुबह सैकड़ों लोग यहां मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते हैं। हालात इतने खराब हैं कि वॉकिंग ट्रैक के किनारे दीवारें ही ‘पेशाबघर’ में तब्दील हो चुकी हैं। शौचालयों पर स्थायी ताले लटके हैं और बाहर गंदगी व बदबू का साम्राज्य फैला हुआ है। सुबह टहलने आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इस दुर्गंध के बीच गुजरने को मजबूर हैं। दीवारों पर स्वच्छता मिशन के नारे लिखे हैं, लेकिन जमीन पर हकीकत बिल्कुल उलट नजर आती है।
Morning City
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पार्क में टिकट लगने के बाद भी नियमित सफाई नहीं हो रही। खुले पड़े बिजली के तार भी हादसे को न्योता दे रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि जब टॉयलेट बनाकर तैयार हैं, तो उन्हें जनता के लिए खोला क्यों नहीं जा रहा? लोगों का आरोप है कि यह साफ तौर पर नगर निगम की लापरवाही और सिस्टम की नाकामी को दर्शाता है। स्वच्छता अभियान के बड़े-बड़े दावे कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी सच्चाई तस्वीरों में साफ दिखाई दे रही है। अब क्षेत्रीय जनता मांग कर रही है कि बंद पड़े शौचालयों को तत्काल खोला जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पार्क की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। वरना यह मुद्दा जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
