Noida News: सेक्टर-11 में अवैध पार्किंग से बढ़ी परेशानी, मेट्रो अस्पताल के पास सड़क पर रोजाना जाम जैसे हालात
personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Feb 2026, 09:53 pm
location_onNoida
Morning City
नोएडा। सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल के बराबर रह रहे स्थानीय निवासियों को अवैध पार्किंग के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोसाइटी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग बना दी गई है, जिससे पूरा रास्ता मोटरसाइकिलों से घिरा रहता है और आवागमन बाधित हो जाता है।
सेक्टर-11 निवासी सचिन कुमार ने बताया कि उन्हें यहां आए अभी चार-पांच महीने ही हुए हैं, लेकिन पार्किंग की समस्या के कारण रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड शीतल ने बताया कि जब वह लोगों को सड़क पर वाहन खड़ा करने से मना करते हैं तो कुछ लोग उनसे बदतमीजी करते हैं और नौकरी से हटवाने की धमकी देते हैं। इससे सुरक्षा कर्मियों के लिए भी स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
Morning City
निवासियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो वे सोसाइटी छोड़ने पर मजबूर हो जाएंगे। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन प्रभावशाली होने के कारण कोई भी इस मुद्दे पर कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध पार्किंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और सड़क को जाममुक्त कराया जाए, ताकि महिलाओं, बच्चियों और बुजुर्गों को आने-जाने में असुविधा न हो।
