Mainpuri News: डाक पर्यवेक्षक निलंबित, चार पर्यवेक्षकों को भी हटाया
personसंपादकीय टीम
calendar_today13 Jun 2026, 11:01 pm
location_onMainpuri
शाखा डाकपाल की मौत के बाद कार्रवाई, एटा के डाक अधीक्षक को दी जिम्मेदारी
बिछवां/मैनपुरी। शाखा डाकपाल निखिल वर्मा की मौत के बाद डाक अधीक्षक एसके शुक्ला और डाक पर्यवेक्षक श्याम तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। घटना के बाद दोनों के विरुद्ध थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों कार्य स्थल से गायब हैं। मामले की जानकारी होने पर क्षेत्रीय कार्यालय से डाक अधीक्षक की जिम्मेदारी एटा के डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह को दी गई है। विजयवीर सिंह ने डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं चार अन्य डाक पर्यवेक्षकों को भी डाक पर्यवेक्षक के पद से हटा दिया है।
www.morningcity.in
ज्ञात हो कि शाखा डाकपाल मुड़ई निखिल वर्मा का शव उसके पैतृक गांव रामनगर में बृहस्पतिवार को फंदे पर लटका मिला था। निखिल वर्मा की जेब से मिले सुसाइड नोट में डाक अधीक्षक सुशील कुमार शुक्ला और डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। मामले में शुक्रवार को जिले भर के शाखा डाकपालों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। इस पर डाक विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय आगरा से आदेश जारी कर एटा के डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह को मैनपुरी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इन्हें भी पद से हटाया गया
विजयवीर सिंह ने शनिवार की दोपहर मैनपुरी पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। विजयवीर सिंह ने तत्काल प्रभाव से डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को निलंबित कर दिया। वहीं इंस्पेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार के आरोप में डाक पर्यवेक्षक प्रवीण दुबे, जगपाल सिंह, विनोद पांडेय और अजय सिंह को भी डाक पर्यवेक्षक के पद से हटा दिया है।
डीएम-एसपी ने मृतक डाककर्मी के परिजन से की मुलाकात
थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी डाककर्मी की खुदकुशी के मामले में शनिवार दोपहर डीएम डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने रामनगर पहुंच कर मृतक के परिजन से मुलाकात की। घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों ने मौके पर सबसे पहले पहुंचने वाले तीन लोगों से भी पूछताछ की। अधिकारियों ने मृतक के पिता धर्मेंद्र सिंह व चाचा लखमीचंद्र को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द से जल्द अपराधी पकड़े जाएंगे।
क्या बोले प्रभारी डाक अधीक्षक
इंस्पेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को निलंबित किया गया है। वहीं चार अन्य को भी उनके पद से हटा दिया गया है। जल्द ही नए डाक पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। -विजयवीर सिंह, प्रभारी डाक अधीक्षक, मैनपुरी।

