Mainpuri News: किशन दुबे की गिरफ्तारी पर बवाल! समर्थकों ने कोतवाली के सामने लगाया जाम, 30-40 के खिलाफ FIR; CCTV से होगी पहचान
personसंपादकीय टीम
calendar_today2 Oct 2026, 11:12 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। आपराधिक प्रवृत्ति के किशन दुबे की गिरफ्तारी के विरोध में कोतवाली के सामने कचहरी रोड पर जाम लगाने, नारेबाजी करने और माहौल बिगाड़ने के कोशिश के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने गणेश बुर्ज चौकी प्रभारी की तहरीर पर किशन दुबे के करीब 30-40 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से हंगामा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
www.morningcity.in
कोतवाली सदर क्षेत्र के अर्न्तगत गणेश बुर्ज चौकी प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ 28 सितंबर को कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला गोपाल नगर निवासी किशन दुबे के घर पहुंचे थे। पुलिस न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट और धारा 82 के तहत कार्रवाई करने गई थी। पुलिस ने किशन दुबे को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक मौके पर जुटने लगे और विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद समर्थकों ने कचहरी रोड पर कोतवाली के ठीक सामने वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा कर जाम लगा दिया।

जाम में एंबूलेंस और स्कूल बसें भी फंसी रही
जाम लगने के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार इस दौरान सोशल मीडिया पर भी भ्रामक प्रचार के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मामले में गणेश बुर्ज चौकी प्रभारी दिनेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 30-40 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अब पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से प्रदर्शन व जाम में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
क्या बोले सीओ सिटी
सीओ सिटी अशोक कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बक्खा नहीं जाएगा, जाम लगाकर हंगामा करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किए गए किशन दुबे को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बुधवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को जमानत प्रार्थनापत्र पर सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने आदेश सुरक्षित कर लिया है। अब किशन दुबे को जमानत मिलती है या नहीं, यह न्यायालय का आदेश सामने आने के बाद स्पष्ट होगा।
नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
इस बीच पुलिस ने गिरफ्तारी के विरोध में हुए हंगामे को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। सीओ सिटी अशोक कुमार का कहना है कि सड़क जाम कर यातायात बाधित करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
