Agra News: बाह-बटेश्वर में 35 करोड़ रुपये से बनेगा नया रेलवे स्टेशन, अक्टूबर में शिलान्यास

personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Sept 2026, 10:07 pm
location_onAgra

सांसद राजकुमार चाहर ने डीआरएम गगन गोयल से की कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के बाह-बटेश्वर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सांसद राजकुमार चाहर के प्रस्ताव पर बाह-बटेश्वर में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन का शिलान्यास कर सकते हैं। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक भूमि बटेश्वर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से बटेश्वर को रेलवे के मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेलवे स्टेशन की मांग को सांसद राजकुमार चाहर केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाते रहे हैं। अब परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

www.morningcity.in

शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर सांसद राजकुमार चाहर ने आगरा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गगन गोयल से मुलाकात कर चर्चा की। बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजन, निर्माण कार्य और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सांसद ने कार्यक्रम को लेकर रेलवे अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी भी ली। नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से बाह-बटेश्वर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी। स्टेशन बनने के बाद आगरा सहित अन्य शहरों से बाह-बटेश्वर की रेल कनेक्टिविटी और सुगम होने की संभावना है।

Morning City

बटेश्वर धार्मिक पर्यटन के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। नया रेलवे स्टेशन बनने के बाद बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए बटेश्वर पहुंचना आसान होगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ स्थानीय कारोबार, होटल, परिवहन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सांसद राजकुमार चाहर ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि रेलवे स्टेशन बनने से बाह-बटेश्वर को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा और धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। अक्टूबर में प्रस्तावित शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की दिशा में रेलवे स्तर पर प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi