Hathras News: नकली खाद फैक्ट्री का भंडाफोड़, जिलाधिकारी ने अपनी टीम के साथ फैक्ट्री पर मारा छापा
personसंपादकीय टीम
calendar_today20 Feb 2026, 10:01 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस । जनपद हाथरस के सासनी क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित नकली खाद फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एसडीएम सासनी नीरज शर्मा ने पुलिस एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम के साथ तहसील के समीप स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की।
जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी सब्सिडी वाली खाद को कच्चे माल के रूप में उपयोग कर रहे थे। उसमें अन्य रसायन मिलाकर नामी कंपनियों की बोरियों में पैक कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से न केवल किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि फसलों की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था।
Morning City
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सरकारी खाद की बोरियां, नामी ब्रांड के खाली पैकेट और रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। बताया गया कि कार्रवाई से ठीक पहले एक ट्रक माल लेकर वहां से निकल चुका था। प्रशासन ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है तथा खाद के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
