Agra News: अग्निवीर भर्ती में ठगी का खेल उजागर, 1.5 लाख में पास कराने का झांसा देने वाला गिरफ्तार

personसंपादकीय टीम
calendar_today13 Apr 2026, 10:09 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आए युवकों को परीक्षा पास कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने की कोशिश का मामला सामने आया है। थाना सदर बाजार पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और भर्ती परीक्षा से संबंधित सामग्री भी बरामद की है। घटना 12 अप्रैल 2026 की है, जब अलीगढ़ से अग्निवीर भर्ती में भाग लेने आए एक युवक ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई। युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ स्टेडियम पहुंचा था, जहां एक व्यक्ति ने खुद को अमन पुत्र सब्बीर बताते हुए उनसे संपर्क किया। आरोपी ने दावा किया कि उसका भर्ती प्रक्रिया में “जुगाड़” है और 1.5 लाख रुपये देने पर वह दौड़ और मेडिकल परीक्षा पास करवा देगा। शुरुआत में ही पैसों की मांग करने पर युवक को शक हुआ और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आर्मी इंटेलिजेंस टीम के साथ मिलकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

www.morningcity.in

पूछताछ में आरोपी अमन ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अग्निवीर भर्ती में दौड़ पास कर चुके अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षा पास कराने का झांसा देकर उनसे 1.5 लाख रुपये तक वसूलता था। इसके लिए वह अभ्यर्थियों को पहले से “कलर विजन” से जुड़ी किताब रटवाता था, ताकि वे मेडिकल टेस्ट के दौरान रंगों की पहचान आसानी से कर सकें और पास हो जाएं। आरोपी ने यह भी बताया कि इस पूरे खेल में उसका साथी संजय पुत्र श्याम सुंदर भी शामिल है, जो मथुरा जिले का निवासी है और भर्ती में पास कराने का जुगाड़ होने का दावा करता है। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से रुपये के लेन-देन और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के फोटो भी मिले हैं, जो इस ठगी के नेटवर्क की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने 13 अप्रैल 2026 को आरोपी अमन पुत्र सब्बीर खान निवासी नगला बलराम, थाना गौंडा, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार आरोपी संजय की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसे गिरोहों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। युवाओं से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल या संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi