Agra News: सीताराम मंदिर की डाक्यूमेंट्री फ़िल्म का पोस्टर लॉन्च, होगी रिलीज़

personसंपादकीय टीम
calendar_today23 Apr 2026, 10:50 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर और माँ पीतांबरा दरबार के इतिहास पर आधारित डाक्यूमेंट्री फ़िल्म का पोस्टर गुरुवार को मंदिर परिसर में विधिवत लॉन्च किया गया। यह फ़िल्म शुक्रवार को मंदिर परिसर में प्रदर्शित की जाएगी, साथ ही ग्लैमर लाइव फिल्म्स चैनल पर भी रिलीज़ होगी। डाक्यूमेंट्री फ़िल्म में सीताराम मंदिर के लगभग 400 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और धार्मिक गतिविधियों को विस्तार से दर्शाया गया है। फ़िल्म में सावन के सोमवार, नवरात्रि के दौरान होने वाले हवन, पूजा-अर्चना और मंदिर की दैनिक गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही मंदिर की प्राचीन स्थापत्य शैली, आर्च और धार्मिक महत्व को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। मंदिर परिसर में स्थित माँ बगलामुखी का दरबार, नर्मदेश्वर महादेव और भगवान हनुमान द्वारा प्रभु श्रीराम के दर्शन की अद्भुत झलक भी फ़िल्म का विशेष आकर्षण है। श्रद्धालुओं के अनुसार, यह मंदिर आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। फ़िल्म का लेखन और निर्देशन सूरज तिवारी ने किया है, जबकि डीओपी (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी) की जिम्मेदारी सुनील राज ने निभाई है। पंकज शर्मा ने सहायक निर्देशक के रूप में कार्य किया है। पोस्ट प्रोडक्शन का काम अंशु सिनेमाफ़ाई द्वारा किया गया है और वॉइस ओवर ब्रजवुड स्टूडियो के माध्यम से तैयार किया गया है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में लंगड़े की चौकी के महंत गोपी गुरु, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गुप्ता, सीताराम मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय, महंत मुकेश शर्मा, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, मनोज अग्रवाल सहित फिल्म से जुड़े कलाकार और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने फ़िल्म को मंदिर के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। आयोजकों ने कहा कि यह डाक्यूमेंट्री न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगी, बल्कि आगरा की प्राचीन धरोहर को भी व्यापक पहचान दिलाएगी।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi