Agra News: बिचपुरी तिराहे पर ‘नाचती मौत’, गलत रोड इंजीनियरिंग से लगातार हो रहे हादसे

personसंपादकीय टीम
calendar_today21 May 2026, 10:45 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। शहर के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित बिचपुरी तिराहा इन दिनों लोगों के लिए खतरे का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। गलत रोड इंजीनियरिंग, अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था और लापरवाही के चलते यहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तिराहे से गुजरना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। सुबह से देर रात तक यहां वाहनों का भारी दबाव रहता है, लेकिन सड़क की संरचना और ट्रैफिक प्रबंधन इतने खराब हैं कि हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक तिराहे पर कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार वाहन अचानक कट मारते हैं, जिससे बाइक सवार और पैदल राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। खासतौर पर रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। लोगों का आरोप है कि सड़क की डिजाइन ऐसी बनाई गई है जिससे वाहन चालकों को सामने से आने वाले ट्रैफिक का सही अंदाजा नहीं लग पाता।

www.morningcity.in

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि तिराहे पर बना पुलिस सहायता केंद्र भी जर्जर हालत में पहुंच चुका है। भवन की स्थिति खराब होने के बावजूद वहां कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहता। सहायता केंद्र सिर्फ नाम का रह गया है। लोगों का कहना है कि अगर यहां नियमित रूप से पुलिसकर्मी मौजूद रहें तो ट्रैफिक व्यवस्था सुधर सकती है और हादसों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और दुकानदारों में प्रशासन के प्रति नाराजगी दिखाई दे रही है। लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि बिचपुरी तिराहे की रोड इंजीनियरिंग का दोबारा सर्वे कराया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से सुधार कार्य शुरू किए जाएं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती, उचित संकेतक, स्पीड ब्रेकर और हाईमास्ट लाइट लगाने की भी मांग उठाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो यहां कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi