मैनपुरी-सपा सांसद पर हुए हमले का सपाईयों ने किया विरोध
personसंपादकीय टीम
calendar_today1 May 2025, 04:13 pm
location_on???????
Morning City
मैनपुरी। सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर हुए हमले और धमकी के विरोध में बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी और जन अधिकार पार्टी ने करणी सेना के खिलाफ कलेक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में धरना दिया। संगठन एवं उससे जुड़े पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कहा कि कार्रवाई न होने पर सपा सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष रणविजय शाक्य ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश के अंदर जनता का उत्पीड़न, हत्या, लूट, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और अराजकता की घटनाएं आम हो गई हैं। कानून व्यवस्था बेहतर करने की बजाए अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रामजी लाल सुमन को करणी सेना के पदाधिकारी लगातार धमकी दे रहे हैं। 27 अप्रैल को बुलंदशहर जाते समय अलीगढ़ में उनके काफिले पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। इससे उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आईं। उक्त घटना के बाद प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह स्पष्ट है कि उन्हें सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है।
सरकार की दलित विरोधी मानसिकता उजागर
जन अधिकार पार्टी जिलाध्यक्ष रण विजय शाक्य ने आगे कहा कि करणी सेना पर कोई कार्रवाई न होने से प्रदेश सरकार की दलित विरोधी मानसिकता उजागर होती है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पीडीए का नारा देकर समाज के सभी शोषित, उत्पीड़ित वर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसे कमजोर करने के लिए भाजपा ऐसा कदम उठा रही है। उक्त प्रकरण में अगर कार्रवाई नहीं होगी तो जन अधिकार पार्टी और सपा चुप नहीं बैठेगी।
धरना प्रदर्शन में यह रहे मौजूद
सपा के धरना प्रदर्शन में सपा पूर्व विधायक राजकुमार राजू यादव, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया और जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य के अलावा जन अधिकार पार्टी से जिलाध्यक्ष के साथ मंडल अध्यक्ष सतीश शाक्य, मंडल उपाध्यक्ष विक्रम जाटव, जिला महासचिव प्रवीण पाल, कोषाध्यक्ष दिनेश, विधानसभा अध्यक्ष जयकिशन मैनपुरी सदर, किशनी विधानसभा अध्यक्ष हेम सिंह शाक्य, करहल विधानसभा अध्यक्ष जयकिशन, युवा जिला अध्यक्ष डॉ भूपेंद्र शाक्य, महिला जिलाध्यक्ष आदि मौजूद रहे मौजूद रहे। महिला जिलाध्यक्ष ज्योति मैसी सहित कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
