Hathras News: हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन जारी, शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
personसंपादकीय टीम
calendar_today16 Mar 2026, 10:48 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस। जिले के हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं और सासनी तहसील के ठाकुर नगला खेरिया से लेकर हाथरस जंक्शन क्षेत्र तक बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।बताया जाता है कि देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से खेतों और खाली पड़ी जमीनों से मिट्टी का अवैध खनन कर उसे अन्य स्थानों पर ले जाया जाता है। इससे क्षेत्र की सड़कों और खेतों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक खनन माफिया पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद भी खनन माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन को तुरंत बंद कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

