Agra News: आठ घंटे में बाइक चोर गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद, पुलिस ने आरोपित को ट्रांसपोर्ट नगर से दबोचा

personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Sept 2026, 09:55 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र में बाइक चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में पर्दाफाश कर दिया। सूचना मिलने के करीब आठ घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपित को ट्रांसपोर्ट नगर बस अड्डे के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इनमें दो स्प्लेंडर प्लस और एक टीवीएस राइडर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने वाला सूआ, मोबाइल फोन और 250 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को हरीपर्वत थाने में बाइक चोरी की दो शिकायतें मिली थीं। पहली घटना आठ सितंबर को जीजी नर्सिंग होम के पीछे हुई थी। दूसरी बाइक 31 अगस्त को संजय प्लेस स्थित मैक्स माल के पीछे से चोरी की गई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस अड्डे के पीछे खाली पड़े स्थान से प्रवीण सिसौदिया को गिरफ्तार कर लिया।

खराब ट्रकों के पीछे छिपाकर रखी थीं बाइक

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पहले फोटोग्राफी का काम करता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती गोलू से हुई। दोनों ने संजय प्लेस क्षेत्र में बाइक चोरी करना शुरू किया। चोरी की मोटरसाइकिलें कम कीमत में राहगीरों को बेचने की बात भी सामने आई है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने खराब पड़े ट्रकों की बॉडी के पीछे छिपाकर रखी गई दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। तीसरी मोटरसाइकिल उसके कब्जे से मिली। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण का साथी गोलू चोरी की मोटरसाइकिलों के लिए ग्राहक लेकर आने वाला था। प्रवीण उसी का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब गोलू की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपित प्रवीण सिसौदिया पुत्र रंजीत सिंह ग्राम गढ़ी नौग्स, थाना सादाबाद, हाथरस का निवासी है। उसके खिलाफ हरीपर्वत थाने में बाइक चोरी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi