Agra News: बिजली घर चौराहे पर ‘गुंडा टैक्स’ का खेल, खुलेआम हो रही अवैध वसूली, वायरल वीडियो ने खोली उगाही के नेटवर्क की पोल

personसंपादकीय टीम
calendar_today22 Feb 2026, 10:08 pm
location_onAgra

रसीद नहीं, ऑटो की छत पर लिखे जा रहे ‘कोड वर्ड’ प्रशासन की जानकारी के बावजूद कार्रवाई शून्य, सवालों के घेरे में सिस्टम

आगरा। ताजनगरी का सबसे व्यस्त इलाका माने जाने वाला बिजली घर चौराहा इन दिनों अवैध वसूली का अड्डा बना हुआ है। यहां ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से खुलेआम ‘सुविधा शुल्क’ के नाम पर उगाही की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्रीय थाना पुलिस, ट्रैफिक विभाग और रक्षा संपदा विभाग को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। वसूली का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। उगाही करने वाले व्यक्ति चालकों से 20 से 30 रुपये तक वसूलते हैं, लेकिन बदले में कोई आधिकारिक रसीद नहीं दी जाती। इसके स्थान पर ऑटो या ई-रिक्शा की छत पर विशेष संकेत या अक्षर लिख दिए जाते हैं। ये ‘कोड वर्ड’ इस बात का संकेत होते हैं कि संबंधित वाहन से रकम वसूल ली गई है और उसे सवारी भरने की अनुमति मिल चुकी है।

Morning City

नियमानुसार छावनी क्षेत्र की अधिकृत पार्किंग रसीद 50 रुपये की होती है, लेकिन अधिकांश चालकों को रसीद देखने तक को नहीं मिलती। बीच सड़क पर खड़े वाहनों से वसूली की जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही है। यही स्थिति सेवला चौराहे पर भी देखी जा रही है, जहां अवैध उगाही का धंधा बेखौफ तरीके से संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि पुलिस और संबंधित विभागों को पूरे नेटवर्क की जानकारी है, इसके बावजूद उगाही करने वालों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या इस संगठित वसूली के पीछे सफेदपोशों या अधिकारियों की मौन सहमति शामिल है? मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे तंत्र की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi